सीधे मुख्य हिस्से पर जाएं
Kodebloc

गाइड / बिल्डर में क्या-क्या है

आपकी वेबसाइट का पता

हर पब्लिश हुई वेबसाइट को kodebloc.app पर अपना पता मिलता है। यह कैसे चुना जाता है, और हर पेज के लिंक कैसे चलते हैं।

पता कैसा दिखता है

Kodebloc से वेबसाइट पब्लिश करते ही उसे वेब पर अपना पता मिल जाता है। पते में पहले एक नाम होता है जो आप चुन सकते हैं, और उसके बाद .kodebloc.app। जैसे:

  • rosas-bakery.kodebloc.app
  • crumb-and-chai-bakery-pune.kodebloc.app

कोई भी यह पता ब्राउज़र में टाइप करके, या किसी मैसेज में उस पर टैप करके, आपकी वेबसाइट खोल सकता है। न कुछ खरीदना है, न कुछ सेट करना है।

Crumb & Chai बेकरी की वेबसाइट: बकाइन रंग के ब्लॉक में बड़ी हेडलाइन, बगल में क्रोसां की फ़ोटो
Kodebloc से बनी एक वेबसाइट, जो crumb-and-chai-bakery-pune.kodebloc.app पर लाइव है।

नाम कैसे बनता है

नाम अपने आप आपकी वेबसाइट के नाम से बन जाता है। Kodebloc उसे ऐसा बना देता है जो पते में चल सके:

  • बड़े अक्षर (capital letters) छोटे हो जाते हैं।
  • स्पेस की जगह डैश आ जाता है।
  • अपॉस्ट्रॉफ़ी और एक्सेंट हटा दिए जाते हैं, इसलिए "Rosa's Bakery" बन जाता है rosas-bakery।
  • & की जगह "and" शब्द आ जाता है, इसलिए "Crumb & Chai" बन जाता है crumb-and-chai।

नाम में सिर्फ़ छोटे अंग्रेज़ी अक्षर, अंक और डैश हो सकते हैं। इसमें कम से कम 3 और ज़्यादा से ज़्यादा 40 अक्षर हो सकते हैं। नाम लंबा हो तो किसी पूरे शब्द के बाद काट दिया जाता है।

पब्लिश करते वक्त पता चुनें

  1. बिल्डर में Publish दबाइए।
  2. Name your website (optional) में अपनी वेबसाइट का नाम लिखिए। नीचे वाला Link बॉक्स अपने आप भर जाता है, और उसके बाद .kodebloc.app लगा होता है।
  3. कोई दूसरा पता चाहिए, तो सीधे Link बॉक्स में लिखिए। सिर्फ़ अक्षर, अंक और डैश।
  4. चाहें तो Link बॉक्स खाली छोड़ दीजिए। तब Kodebloc आपकी वेबसाइट के नाम से पता बना देगा।
  5. पब्लिश कीजिए। विंडो में आपका लाइव पता दिखेगा, साथ में कॉपी बटन और उसे खोलने का लिंक।

पब्लिश करने का पूरा तरीका अपनी वेबसाइट पब्लिश कीजिए में पढ़िए।

अगर नाम पहले से लिया हुआ है

हर पता अलग होता है, इसलिए हो सकता है जो पता आप चाहते हैं वह किसी और के पास हो। आगे क्या होता है, यह इस बात पर है कि नाम किसने चुना:

  • अगर नाम Kodebloc ने बनाया, तो वह आखिर में 4 अक्षरों और अंकों का छोटा सा हिस्सा जोड़ देता है, जैसे rosas-bakery-x7k2।
  • अगर नाम आपने खुद लिखा, तो यह मैसेज दिखेगा: "That link is already taken. Try another, for example by adding your town or a number." अक्सर rosas-bakery-pune जैसा कुछ चल जाता है।

जो नाम नहीं चल सकते

कुछ शब्द रोक रखे हैं, ताकि कोई खुद को कोई और न दिखा सके। इनमें kodebloc, admin, official, support, login, password, bank और paypal हैं, और कुछ और भी। इनमें से कोई लिखने पर यह मैसेज दिखेगा: "That link isn't available. Please choose a different name." www, api और mail जैसे कुछ छोटे नाम भी Kodebloc के लिए रखे गए हैं।

अगर आपकी वेबसाइट के नाम में इनमें से कोई शब्द आ जाए और आपने लिंक नहीं लिखा, तो Kodebloc आपकी वेबसाइट को कोई रैंडम पता दे देता है। इससे बचने के लिए अपना लिंक खुद लिखिए।

हर पेज का अपना पता

अगर आपकी वेबसाइट में एक से ज़्यादा पेज हैं, तो होम पेज मुख्य पता इस्तेमाल करता है। बाकी हर पेज का नाम स्लैश के बाद जुड़ता है:

  • होम पेज के लिए rosas-bakery.kodebloc.app
  • Menu पेज के लिए rosas-bakery.kodebloc.app/menu

विज़िटर के ब्राउज़र में पता उसी पेज का रहता है जो स्क्रीन पर है। आपकी पब्लिश हुई वेबसाइट का Share बटन उसी पेज का लिंक शेयर करता है जिसे विज़िटर देख रहा है। जिस पेज का नाम आपने बाद में बदला या जिसे डिलीट किया, उसका पुराना लिंक होम पेज खोल देता है, ताकि कभी एरर न आए। देखिए एक से ज़्यादा पेज वाली वेबसाइट।

पता वही रहता है

पब्लिश करने के बाद भी आप वेबसाइट बदलते रह सकते हैं। जब आप Update live site दबाते हैं, तो नया वर्ज़न उसी पते पर ऑनलाइन जाता है। जो लिंक आप पहले शेयर कर चुके हैं, वे चलते रहते हैं। देखिए लाइव वेबसाइट अपडेट करें या हटाएं।

नए पते पर ले जाएं

दूसरा पता चाहिए, तो अपडेट करते वक्त Publish to a new link instead चुनिए। आपकी वेबसाइट को नया पता मिल जाता है। पुराना पता पहले वाले वर्ज़न के साथ ऑनलाइन रहता है, इसलिए पुराने लिंक टूटते नहीं, पर उनमें आपके नए बदलाव नहीं दिखेंगे। पब्लिश करने से पहले मन बदल गया? Keep the same link चुनिए।

वेबसाइट ऑफ़लाइन करें

Take offline दबाने पर आपके पते पर वेबसाइट दिखना बंद हो जाती है। पता आपके लिए रिज़र्व रहता है, इसलिए कोई और उसे नहीं ले सकता। बाद में फिर से पब्लिश करेंगे, तो वेबसाइट उसी पते पर लौट आएगी।

पुराने पते

Kodebloc में पढ़ने लायक नाम आने से पहले पब्लिश हुई वेबसाइटों को 8 रैंडम अक्षरों और अंकों का पता मिला था। वे पते चलते रहेंगे।

कुछ पुराने लिंक kodebloc.com/build/s/ से शुरू होते हैं। उनमें से ज़्यादातर अब विज़िटर को अपने आप मिलते-जुलते .kodebloc.app पते पर भेज देते हैं, उसी पेज पर जो खोला था। कुछ बहुत पुराने लिंक kodebloc.com वाले पते पर ही रहते हैं और वहीं चलते हैं।

अपना डोमेन?

कस्टम डोमेन आपका अपना पता होता है, जैसे www.rosasbakery.com। Kodebloc में यह अभी नहीं है। साइट सेटिंग्स में More के नीचे यह जल्द आने वाली चीज़ों में लिखा है। अभी हर पब्लिश हुई वेबसाइट अपने .kodebloc.app पते पर रहती है।

अच्छे पते के टिप्स

  • छोटा रखिए। छोटा पता बोलने, टाइप करने और पर्चे पर छापने में आसान होता है।
  • अपना असली नाम रखिए। टैप करने से पहले लोगों को पता होना चाहिए कि वे क्या खोल रहे हैं।
  • नाम आम हो तो शहर जोड़िए। पहली पसंद न मिले तो यह काम आता है, और लोगों को पता चलता है कि आप कहां हैं।
  • शेयर करने से पहले चुनिए। पता छापने या लोगों को भेजने से पहले ही पक्का कर लीजिए। बाद में बदलेंगे, तो पुराने पते पर पुराना वर्ज़न दिखता रहेगा।

पता शेयर करने को तैयार हैं? पढ़िए अपनी वेबसाइट शेयर कीजिए।

बिल्डर खोलें

अब भी कुछ अटका है?

कॉन्टैक्ट पेज पर हमें मैसेज भेजिए, हम ईमेल से जवाब देंगे।